Tuesday, March 6, 2018

मैं कहाँ थी



मैं कहाँ थी 

मैं जब वहां थी
तब भी, मैं
नहीं वहां थी
अपनों की
दुनिया के मेले में 
खो गयी मैं
न जाने कहाँ  थी

बड़ों की खूबियों
का अनुकरण
कर  रहा  था
मेरे व्यक्तित्व 
का हरण 
मेरा निज 
परत  दर परत
दफ़न हो रहा था
और मैं अपने
दबते अस्तित्व से
परेशान थी

कच्ची उम्र में 
ज़रूरत होती है
सहारे की 
अपने पैरों
खड़े होने के बाद,
सहारे सहारे चलना
नादानी है बेल की
सोनजुही सी
पनपने की
सामर्थय मेरी
औरों के
सहारे सहारे चलना
क्यों मान लिया था
नियति  मेरी

मौन व्यथा और 
आंसुओं  से
सहिष्णु धरती का
सीना सींच
बरसों बाद 
अंकुरित हुई हूँ अब
संजोये मन में , 
पनपने की चाह
बोनसाई सा नही 
चाहती हूँ ज़िंदगी में 
सागर सा विस्तार

नही जीना चाहती
पतंग की जिंदगी
लिए आकाश का विस्तार
जुड़ कर सच के धरातल से
अपनी ज़िंदगी का ख़ुद
बनना चाहती हूँ आधार



रजनी छाबड़ा 











Monday, December 18, 2017

जीने की वजह/ ज़िंदगी दा मक़सद :

जीने की वजह 
************

निज ज़िन्दगी में
 न जागने की वजह
न सोने की वजह

इसे दुनिया के नाम
कर दीजिए
जीने की वजह 
खुद बख़ुद
मिल जायेगी

अश्क पीने की आदत
बदल जाएगी
अश्क़ पोंछने का हुनर
रास आ जाएगा
जीने का अन्दाज़
निखर जाएगा/



ज़िंदगी दा मक़सद 

तुहाडी अपणी ज़िंदगी च 
न रहवें जद जागण दी 
न रहवें नींदरा आवण दी वजह 

एह ज़िंदगी दुनिया दे नाम 
कर देओ 
ज़िंदा रेहवण दी वजह 
अपणे आप मिल वेसी 

हंजु पीवण दी आदत 
बदल वेसी 
हंजू पूंझण दा हुनर 
रास आ वेसी 

ज़िंदगी दा वल 
निखर वेसी 

रजनी छाबड़ा 
19 /4 /2024 



Wednesday, November 22, 2017

क्षितिज के पास

क्षितिज के पास 

क्षितिज के पास 
कर रहे हो 
इन्तज़ार मेरा 


जहाँ दो जहान 
मिल कर भी 
नहीं मिलते 
अधूरी है तम्मनाएँ 
अधूरी मिलन की आरज़ू 
फ़ूल अब खिलकर भी 
नहीं खिलते/

Tuesday, September 26, 2017


मकड़ी सम


ज़िन्दगी की आपाधापी में
इंसान कदर व्यस्त हो गया है
उसका खुद का वक़्त
कहीं खो गया है


रोज़मर्रा की
जोड़ तोड़ में उलझ गया है
ज़िंदगी का गणित
ज़िन्दगी में अब पहले सी
लज़्ज़त  नहीं


दिन भर की उलझनों के बीच
सिर्फ एक वक़्त ही
उसका अपना है
ऑफिस से घर तक का सफ़र
जब वह खुले छोड़ देती है
दिमाग़ के ख्याली घोड़े
सोचती है कुछ फुर्सत मिलें
बिताएंगी मनपसंद ढंग से
कुछ दिन थोड़े
पर फुर्सत के लम्हे
मिलते ही नहीं


शिक़ायत करे भी
तो किस से
वो बेचारी
अपने इर्द  गिर्द
व्यस्तता के ताने बाने बुनती
खुद अपने ही जाल में
मकड़ी सम उलझी नारी/

Monday, September 18, 2017

शब्दिका:       काव्य संग्रह
रचनाकार:     डॉ संजीव कुमार
प्रकाशक :      वनिका प्रकाशन, दिल्ली


समकालीन कविता के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. संजीव कुमार की कृति शब्दिका पर अपने कुछ विचार सुधि पाठकों के समक्ष रखना चाह रही हूँ/  पहली बार हिंदी में समीक्षा लिख रही हूँ; अभिव्यक्ति शाब्दिक स्तर पर कुछ कम प्रभावी हो सकती है, फिर भी अपने विचार भावना के स्तर पर प्रस्तुत करने का दुःसाहस कर रही हूँ/

'शब्दिका ' से पूर्व, डॉ. संजीव की काव्य कृतियॉं अंतरा, आकांक्षा, ऋतुम्भरा व् अपराजिता पढ़ने का सौभाग्य मुझे मिला; परन्तु इस काव्य कृति का अंदाज़ कुछ अलग ही है/ मन के भाव अत्यंत सहजता से उकेरे गए है और पाठक स्वतः इस शाब्दिक प्रवाह में बह जाता है/ अनुभूति के विभिन्न आयामों का सतरंगी गुलदस्ता है 'शब्दिका'/
अतीत और वर्तमान की बीच का सफर और उज्जवल भविष्य के सपने, ज़िंदगी की आपाधापी, घर -गाँव के प्रति मोह, इच्छाएँ, आकांक्षाएँ,  उम्मीद के स्वर, प्रकृति के मनमोहक दृश्य सभी कुछ अत्यंत प्रभावी रूप से समाहित है, इस गहन अभिव्यक्ति के काव्य संग्रह 'शब्दिका' में/  सीधे सादे शब्दों में बहुत गहरे अर्थ छुपे हैं/

स्वयं कवि महोदय के शब्दों में:
१  शब्द
कभी अर्थ नहीं बताते
खोजना होता है
शब्दों के मन में गहरे उतर कर
उनका भाव (पृष्ठ १५)

२
किन्तु सवालों  के हल
अभी भी लापता हैं
और जारी है
अभी भी तलाश
उम्मीद बाकी है/ ( पृष्ठ २१)

३
भावों को शब्दों में
रूपायित करते
कोई रंग नहीं भरना
उन्हें मुखर होने दो
उसी भाषा में
उसी रूप में
जिसमें वह जनमे हैं
और बनने दो
अभिव्यक्ति को
एक सीधी सादी
शब्दिका  (पृष्ठ १२)


इस काव्य संग्रह ले प्रकाशन पर मैं डॉ. संजीव कुमार को हार्दिक बधाई देते हुए, कामना करती हूँ कि उनकी लेखनी का यश सदैव बना रहे/

रजनी छाबड़ा
कवयित्री  व् अनुवादिका

Sunday, July 30, 2017

मेरी हिन्दी कविताएं

श्रीगंगानगर से प्रकाशित होने वाली प्रतिष्ठित त्रैमासिक पत्रिका सृजन कुञ्ज के प्रकाशक आशु कृष्ण जी, अतिथि संपादक महोदया व् सम्पादकीय टीम का हार्दिक आभार, महिला लेखन विशेषांक में मेरी चुनिंदा कविताओं को शामिल करने के लिए/ यह उपलब्धि मेरी ख़ुशी को और भी बढ़ा रही हैं क्योंकि मेरा ससुराल पक्ष श्रीगंगानगर से है / सन 1996 से मेरा नाता है इस शहर से, परन्तु वहां के साहित्यिक  जगत में यह मेरी पहली दस्तक है/

रजनी छाबड़ा