Monday, July 12, 2021

अनुक्रम : आस की कूची से

   आस की कूची से 

            अनुक्रम 

 

1.  याद करते हैं 

2.  रिश्तों की उम्र 

3 . बेगाने 

4 . बहुत फर्क है 

5. राज़ है यह गहरा 

6. कस्तूरी मृग 

7. महसूस किया हैं मैंने 

8 . संदली एहसास 

9 . बरबस 

10. मन-विहग 

11. सिर्फ अपना 

12. घर और मक़ान 

13 . मकड़ी सम 

14. दिल ढूंढता है। 

15. सिमटते पंख 

16. बेमानी ज़िन्दगी 

17. अभी जीने दो 

18. क्या शिक़वा करे गैरों से 

19. पुल 

20. मन के बंद दरवाज़े 

21. लुत्फ़ 

 22. दूरी 

23. मन का क़द 

24. काफी हैं 

25. मैं मनमौजी  

26. मन की तरंगे 

27. बन्दग़ी 

28. सांझ के अँधेरे में 

29 . फूल और कलियाँ 

30 . यह कैसा नाता है 

31 . आस्था के बुत 

32 . राजभाषा 

33 . कहाँ गए सुनहरे दिन  

34 . तपते पत्थरों पर ज़िन्दगी से भेंट 

35  . यह कैसा सिलसिला 

 36  . ऊंची उड़ान 

37  . रात के स्याह अँधेरे में 

38  . पिघलते हिमखंड

 39  . आस का पंछी  

 40 . कहीं भी 

 41  . कैसे भूल सकते हैं उन्हें 

 42  . नम आँखों से 

43  .  मातृत्व 

44   . अनकही कहानी 

45   . क्या तुम सुन रही हो माँ 

46    . खिलौने सरीखे 

47    . सतरंगी खुशी 

48    . रेत की दीवार 

49    . सहमी सहमी 

50 .    फुर्सत 

51   . पक्षपात 

52   . इन दिनों 

53  . ठहरा पानी 

54    . वीरान बाग़ 

55   . कांच की दीवार 

56  . ज़िंदगी के धागे 

57  . शतरंज

58   वीराँगना 

59   . गुलाब सी शान 

60  . आस की कूची  से 



आस्था के बुत

आस्था के बुत

हर शहर की
हर गली मेँ ,
कुछ इबादतखाने और
कुछ बुतखाने होते हैं
जहाँ लोग
अपनी अपनी
आस्था के बुत
बना देते हैं
अपने अपने
रस्म-ओ-रिवाजों से
उनको सजा लेते हैं


बाकी दुनिया के
धर्म कर्म से फिर
वो बेमाने होते हैं
धीरे धीरे
इस कदर
खो जाते हैं
सतही इबादत में, कि
अपने धर्म को
अपने ईमान से
सींचने कि बजाय
रंग देते हैं
उनके खून से
जो उनके मज़हब  से
बेगाने होते हैं

आस्था के बुत
बनाते बनाते
उन्हें मालूम ही नहीं चलता
कि वो खुद कब
बुत बन जाते हैं

 47  अक्स की उम्र

****************
उम्र भर का साथ
निभ जाता है कभी
एक ही पल में 
बुलबुले में 
उभरने वाले
अक्स की उम्र
होती है फ़कत
एक ही पल की
 
 
48  रेत की दीवार
***************
 ज़िन्दगी रेत की दीवार 
ज़माने में
आँधियों की भरमार 
 
जाने कब ठह जाये 
यह सतही दीवार 
फ़िर भी, क्यों ज़िंदगी से 
इतना मोह, इतना प्यार 
 
 
 
49  सहमी सहमी 
****************
मौत जब बहुत करीब से 
आकर गुज़र जाती है 
 दहशत का लहराता हुआ 
साया सा छोड़ जाती है 
 
सहमी सहमी से रहती हैं 
दिल  की धड़कने 
दिल की बस्ती को 
बियाबान सा छोड़ जाती है

Sunday, July 11, 2021

क्या तुम सुन रही हो,माँ

 

क्या तुम सुन रही हो,माँ

माँ,तुम अक्सर कहा करती थी
बबली,इतनी खामोश क्यों हो
कुछ तो बोला करो
मन के दरवाज़े पर दस्तक दो
शब्दों की आहट से खोला करो


अब मुखर हुई हूँ,
तुम ही नहीं सुनने के लिए
विचारों का जो कारवां
तुम मेरे ज़हन में छोड़ गयी
वादा है तुमसे
यूं ही बढ़ते  रहने दूंगी


सारी कायनात में तुम्हारी झलक देख
सरल शब्दों की अभिव्यक्ति को
निर्मल सरिता सा
यूं ही बहने दूंगी


मेरा मौन अब
स्वरित हो गया है/
माँ,क्या तुम सुन रही हो

 
 काफ़ी है

एक ख़्वाब
बेनूर आँख के लिए
एक आह
खामोश लब के लिए
एक पैबंद
चाक़ जिगर
सीने के लिए

काफी हैं
इतने सामान
मेरे जीने के लिए
 
 
 यह चाहत

यह चाहत मेरी तुम्हारी
ग़र यह हसीन सपना है
नींद खुले न कभी मेरी
गर यह हकीकत है
नींद कभी न आये मुझे
 
 कस्तूरी मृग

कस्तूरी की गंध
खुद में समेटे
भ्रमित भटक रहा था
कस्तूरी मृग

आनंद का सागर
खुद में सहेजे
कदम बहक रहे थे
दसों दिग़
 
  मुझ से कैसी होड़ पतंग की

मैं पंछी खुले आसमान का

सकल विस्तार

 निज पंखों से नापा

डोर पतंग की

 पराये हाथों

उड़ान गगन की

आधार धरा का
 
 
 कम्प्यूटर के युग में
 
कम्प्यूटर के इस युग में
कट,कापी ,पेस्ट 
के चलन ने 
कैसी वैचारिक क्रांति लाई

मौलिक सोच को 
लगने लगा जंग 
और सूखने लगी स्याही

लेखनी ,कागज़ के संग
रह गयी अनब्याही
 

Thursday, July 8, 2021

वीराँगना

वीराँगना   
*******

आज की नारी, अबला नहीं 
जो विषम परिस्थितियों से मान ले हार 
ठान लेती है, जब जूझने की 
मदद करता है उसकी 
दुनिया का पालनहार 

पति घर में कोविड -ग्रस्त क़्वारंटाइंड 
सासु माँ को कोविड का तीव्र आघात 
इन सब का मूक दर्शक, घर में बालक अबोध 
जिसने  देखा है अब तक  ज़िंदगी का प्रभात 
क्या करे अब घर की बहू - रानी 
परीक्षा की इस विकट घड़ी में 
ख़ुद ही स्थिति सँभालने की ठानी 

एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं 
निज वाहन में सासु माँ को साथ ले 
भटकती फिर रही अस्पताल -दर -अस्पताल 
कोविड के इस भयानक दौर में 
उपलब्ध नहीं सहजता से कोई भी बैड  
दो बार बेरंग लौटाए जाने  के बाद 
बिना हिम्मत हारे  
अब तीसरे अस्पताल में 
उलझ रही है मेडिकल स्टाफ से 
बेकार गए हैं अब तक मिन्नत और मनुहार 

अंतत कुछ अपनों के सहयोग  
 परमात्मा की आशीष  
और स्वयं  के मनोयोग से 
कामयाब हो जाती है 
माँ को भर्ती करवाने में 

दिन से निकली, देर रात तक लौट आती हैं घर 
फिर सूचना पाता है उस से , ननद का परिवार 
जो रवाना हो जाता है दूसरे शहर से तत्काल 
और सम्भलने लगता है उसका बिखरा -बिखरा संसार 


आपदा की इस घड़ी में 
बहू फ़र्ज़ निभाती हैं बेटी और बेटे जैसा 
खुद परेशानी  झेल कर भी 
 नहीं आने देती विपदा 


वीरांगना तो बस वीरांगना ही है 
वक़्त और दौर चाहे जो भी हो 

ज़िंदगी के इस रणक्षेत्र में 
युद्ध भूमि बदली है 
कर्म भूमि नहीं 

कर्मयोगी कभी नहीं हारते 
कंटीली राहों को रौंदते 
गुलाब जैसी शान से 
घर -आँगन हैं महकाते 


रजनी छाबड़ा 
8 /7/ 2021 










  

इन दिनों

                   इन दिनों 

                   ***********

ज़िन्दगी  की आपाधापी में

                     उलझा इन्सान , इन दिनों 

विषम परिस्थितयों  से उंबरने की 

स्वयं तलाशता हैं राह 

कोविड के इस दौर में 

 नहीं रह  सकता किसी के सहारे 

मनोबल  ही उसका सच्चा सहारा 

उसकी अचूक ढाल 

जिस से  दुःख करता हैं किनारा

रजनी छाबड़ा 


Wednesday, July 7, 2021

 गुलाब सी शान


वक़्त के अंधेरों से
मत घबरा,ऐ मन
बादलों के
आख़िरी छोर पर
झलकती बिजली का
तू कर आंकलन


खिलती है जब
शबनमी  धूप
सर्द हवाओं के बाद
उसकी नाज़ुक नाज़ुक
छुअन से होता है
गुलशन का
कोना कोना आबाद


सुख और दुःख
संग संग सहने में ही
जीवन की सहजता है
काँटों का लम्बा सफर
तय  कर के ही
ग़ुलाब शान से
महकता है/